कानपुर। उत्तर प्रदेश के कैबिनेट मंत्री एवं भाजपा नेता स्वतंत्र देव सिंह ने बुधवार को कानपुर में सपा और कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि विपक्ष के पास विकास का कोई स्पष्ट एजेंडा नहीं है। उन्होंने पूर्ववर्ती सरकारों के कार्यकाल को भ्रष्टाचार और गुंडागर्दी से जोड़ते हुए भाजपा सरकार के कार्यकाल में हुए विकास कार्यों और जनकल्याणकारी योजनाओं का उल्लेख किया।
मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन से शुरू हुआ ‘सेवा संकल्प अभियान’ जनता की सेवा और विकास कार्यों को समर्पित रहा। उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाओं का लाभ समाज के जरूरतमंद वर्ग तक पहुंचा है। प्रधानमंत्री के अनुसार, पिछले वर्षों में 25 करोड़ लोग गरीबी से बाहर आए हैं।
स्वतंत्र देव सिंह ने कहा कि गरीब परिवारों को पक्के मकान, शौचालय, मुफ्त राशन और गैस कनेक्शन जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। उन्होंने कहा कि देश में आतंकवाद और नक्सलवाद पर प्रभावी नियंत्रण हुआ है। अयोध्या में राम मंदिर निर्माण को भी उन्होंने सरकार की उपलब्धियों में शामिल किया।
उन्होंने कहा कि वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का लक्ष्य केवल सरकार का नहीं, बल्कि सामूहिक प्रयास का विषय है। इसके लिए जातिवाद, क्षेत्रवाद और वंशवाद से ऊपर उठकर राष्ट्रवाद और विकासवाद की भावना के साथ आगे बढ़ने की जरूरत है। प्रधानमंत्री भी 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य के लिए सामूहिक प्रयास पर जोर देते रहे हैं।
मंत्री ने कहा कि सेवा और राष्ट्र निर्माण की भावना को मजबूत करते हुए सरकार की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना प्राथमिकता है। इस दौरान उन्होंने विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं और विकास कार्यों की भी जानकारी दी।
रिपोर्ट – विपिन सागर, कानपुर









