महराजगंज, 7 अक्टूबर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में सरकार के मुखिया के रूप में 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में भाजपा द्वारा चलाए जा रहे सेवा संकल्प अभियान के तहत बुधवार को जिला मुख्यालय स्थित नवीन मंडी परिसर से विकसित भारत संकल्प सभा एवं सेवा ज्योति यात्रा का आयोजन किया गया। जिलाध्यक्ष अशोक पांडेय उर्फ संजय पांडेय के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम में बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता शामिल हुए।
कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन का लाइव मार्गदर्शन कार्यकर्ताओं को प्राप्त हुआ। प्रधानमंत्री के संबोधन के बाद जिला प्रभारी नरेंद्र मणि त्रिपाठी, जिलाध्यक्ष संजय पांडेय, पनियरा विधायक ज्ञानेंद्र सिंह, सदर विधायक जय मंगल कन्नौजिया, क्षेत्रीय उपाध्यक्ष कृष्ण गोपाल जायसवाल, पूर्व विधायक बजरंग बहादुर सिंह, जिला पंचायत अध्यक्ष रविकांत पटेल, पूर्व विधायक एवं उत्तर प्रदेश कोऑपरेटिव यूनियन के चेयरमैन चौधरी शिवेंद्र सिंह तथा पूर्व जिलाध्यक्ष समीर त्रिपाठी के नेतृत्व में सेवा ज्योति यात्रा रवाना हुई।

यात्रा के दौरान “नरेंद्र मोदी-योगी आदित्यनाथ जिंदाबाद”, “वंदे मातरम्”, “भारत माता की जय” और “नितिन नवीन-पंकज चौधरी जिंदाबाद” के नारों से नगर गूंज उठा। यात्रा सक्सेना तिराहे पर पहुंची, जहां सभी विधानसभा क्षेत्रों से लाए गए सेवा ज्योति कलश स्थापित किए गए। भाजपा पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने कलश पर पुष्प अर्पित कर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन की कामना की।
सभा को संबोधित करते हुए जिला प्रभारी नरेंद्र मणि त्रिपाठी ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी का सरकार के मुखिया के रूप में 25 वर्ष पूर्ण करना देश के लिए गौरव का विषय है। उन्होंने कहा कि गुजरात के मुख्यमंत्री से लेकर प्रधानमंत्री तक मोदी ने सेवा, समर्पण और राष्ट्रहित को प्राथमिकता दी।
पनियरा विधायक ज्ञानेंद्र सिंह ने प्रधानमंत्री के 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन को सेवा और समर्पण की प्रेरणादायक यात्रा बताया। सदर विधायक जय मंगल कन्नौजिया ने कहा कि प्रधानमंत्री ने गरीब, किसान, युवा और महिलाओं को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने का काम किया है।
जिलाध्यक्ष अशोक पांडेय ने सभी जनप्रतिनिधियों, पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं का आभार जताते हुए सेवा संकल्प अभियान को सफल बनाने के लिए धन्यवाद दिया। कार्यक्रम में विभिन्न मंडलों के अध्यक्षों समेत हजारों भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।









