नौतनवा। शारदीय नवरात्रि महोत्सव को शांतिपूर्ण और सुरक्षित तरीके से संपन्न कराने की मांग को लेकर हिंदू रक्षा दल के कार्यकर्ताओं ने बुधवार को उप जिलाधिकारी के नाम नौतनवा तहसीलदार को 14 सूत्रीय ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में नवरात्रि के दौरान धार्मिक स्थलों और दुर्गा पंडालों के आसपास व्यवस्थाओं को दुरुस्त रखने के साथ महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा पर विशेष जोर दिया गया।
ज्ञापन में नौतनवा नगर एवं ग्रामीण क्षेत्रों में मठ-मंदिरों और दुर्गा पंडालों के आसपास संचालित अंडा व मांसाहार की दुकानों पर नियमानुसार कार्रवाई करने तथा नवरात्रि के दौरान धार्मिक स्थलों के आसपास शांतिपूर्ण वातावरण बनाए रखने की मांग की गई। साथ ही गरबा और नवदुर्गा आयोजनों में अराजक तत्वों व संदिग्ध व्यक्तियों के प्रवेश पर रोक लगाने की मांग रखी गई।
हिंदू रक्षा दल ने आयोजकों और स्वयंसेवकों के सत्यापन, प्रवेश नियम एवं आचार-संहिता प्रदर्शित करने तथा आयोजन स्थलों पर पर्याप्त पुलिस बल और महिला पुलिसकर्मियों की तैनाती की मांग की। इसके अलावा पंडालों में सीसीटीवी कैमरे लगाने, भीड़ नियंत्रण की व्यवस्था करने और संवेदनशील स्थानों पर पुलिस निगरानी बढ़ाने की बात कही गई।
ज्ञापन में नशीले पदार्थों एवं धूम्रपान पर प्रभावी रोक लगाने तथा महिलाओं और बालिकाओं से छेड़छाड़ या अन्य आपराधिक गतिविधियों की सूचना मिलने पर तत्काल कार्रवाई की मांग भी शामिल है।
हिंदू रक्षा दल विधानसभा अध्यक्ष सत्यम सोनी ने कहा कि नवरात्रि आस्था और श्रद्धा का प्रमुख पर्व है। श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा के लिए प्रशासन को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कार्रवाई करनी चाहिए।
इस दौरान अभय जायसवाल, अमन पहलवान, अभिषेक मौर्य, अनुराग, नैतिक थापा, उपेंद्र यादव, शुभम कुमार, नारायण अग्रहरी, राहुल चौरसिया, धर्मेंद्र यादव, प्रदीप यादव, अमितेश, शिवम दुबे, देवेश और धीरज गौड़ सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।









