मैनपुरी। थाना कोतवाली क्षेत्र की आवास विकास कॉलोनी में दिनदहाड़े बाइक सवार बदमाशों ने एक महिला के गले से सोने की चेन झपट ली। वारदात के बाद आरोपी मोटरसाइकिल से फरार हो गए। घटना का सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
कृष्णा नगर गली नंबर तीन निवासी रेनू तोमर ने पुलिस को दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि वह दोपहर करीब साढ़े तीन बजे आवास विकास कॉलोनी से अपने घर लौट रही थीं। बिछिया तिराहे पर ऑटो से उतरने के बाद वह पैदल गली की ओर जा रही थीं। इसी दौरान पल्सर मोटरसाइकिल पर सवार तीन अज्ञात युवक उनके पास पहुंचे।
आरोप है कि बाइक सवार बदमाशों ने झपट्टा मारकर उनके गले से सोने की चेन खींच ली। अचानक हुई घटना में महिला सड़क पर गिर गईं। बदमाश चेन लेकर मौके से फरार हो गए। पीड़िता ने उनका पीछा करने का प्रयास किया, लेकिन वे तेज रफ्तार से भाग निकले।
पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान और तलाश में जुटी है। दिनदहाड़े हुई वारदात से स्थानीय लोगों में चिंता का माहौल है।









