रायबरेली। सरेनी कोतवाली क्षेत्र के पूरेनाथ, बरुआहार मजरे डिघिया गांव में संदिग्ध परिस्थितियों में एक युवक का शव फांसी के फंदे से लटका मिलने से सनसनी फैल गई। गांव के बाहर खेतों में टीन की पाइप से रस्सी के सहारे युवक का शव लटका मिला। घटना की जानकारी होते ही आसपास के ग्रामीणों की भीड़ मौके पर जुट गई।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मौके से साक्ष्य जुटाने के साथ ही आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू कर दी है। युवक की मौत आत्महत्या है या फिर हत्या के बाद शव को फंदे से लटकाया गया, पुलिस दोनों पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।
पुलिस के अनुसार, घटनास्थल और आसपास के क्षेत्र की जांच की जा रही है। युवक के परिजनों और ग्रामीणों से भी घटना के संबंध में जानकारी ली जा रही है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल घटना को लेकर गांव में तरह-तरह की चर्चाएं हैं और पुलिस मामले की जांच में जुटी है।









