लखीमपुर खीरी। उचौलिया थाना पुलिस ने गौकशी के मामले में वांछित आरोपी मेहराज को पुलिस मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। मुठभेड़ के दौरान आरोपी के बाएं पैर में गोली लगी। घायल आरोपी को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं, उसका साथी जमन अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया।
पुलिस के मुताबिक, सात अक्टूबर की रात पुलिस टीम संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग के साथ वांछित आरोपियों की तलाश कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि कुछ संदिग्ध लोग इनोवा कार से असलहा और पशु काटने के उपकरण लेकर ग्राम इब्राहिमपुर की ओर से नहर पटरी के रास्ते बनकागांव की तरफ आ रहे हैं।
सूचना पर पुलिस ने हैवतियापुर तिराहे के पास घेराबंदी कर संदिग्धों को रोकने का प्रयास किया। पुलिस का दावा है कि गिरफ्तारी से बचने के लिए मेहराज ने पुलिस टीम पर फायरिंग की। जवाबी कार्रवाई में उसके बाएं पैर में गोली लग गई, जिसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 315 बोर का एक तमंचा, दो जिंदा कारतूस और एक खोखा कारतूस बरामद किया है। इसके अलावा पशु काटने में इस्तेमाल होने वाली दो छुरी, एक कुल्हाड़ी, लकड़ी का ठीहा और घटना में प्रयुक्त इनोवा कार भी बरामद की गई है।
घायल आरोपी को पहले सीएचसी पसगवां ले जाया गया, जहां से चिकित्सकों ने उसे जिला अस्पताल खीरी रेफर कर दिया। पुलिस ने मुठभेड़ के संबंध में अलग से मुकदमा दर्ज कर लिया है। फरार आरोपी जमन की तलाश की जा रही है। सीओ मोहम्मदी अरुण कुमार सिंह ने मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई किए जाने की जानकारी दी।









