बिजली के गिरे तार की चपेट में किशोर की मौत, बिजली विभाग के अधिकारियों पर मुकदमे की मांग

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

महराजगंज। पनियरा थाना क्षेत्र के देवीपुर ग्राम पंचायत में आंधी के दौरान टूटकर जमीन पर गिरे बिजली के तार की चपेट में आने से 17 वर्षीय सुधीर वर्मा की मौत के मामले ने तूल पकड़ लिया है। मृतक गरीब किसान परिवार का इकलौता बेटा था। मामले को लेकर सामाजिक कार्यकर्ता श्यामसुंदर दास ने थानाध्यक्ष पनियरा को तहरीर देकर बिजली विभाग के संबंधित अधिकारियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की मांग की है।

तहरीर में आरोप लगाया गया है कि आंधी के कारण बिजली का पोल और तार टूटकर जमीन पर गिर गया था, इसके बावजूद बिजली आपूर्ति चालू रही। इसी दौरान तार की चपेट में आने से किशोर की दर्दनाक मौत हो गई। आरोप है कि बिजली विभाग की लापरवाही की जांच कर संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई करने के बजाय पुलिस ने गांव के एक व्यक्ति के खिलाफ हल्की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया, जिससे मामले को दबाने का प्रयास किया जा रहा है।

श्यामसुंदर दास ने कहा कि मृतक परिवार का इकलौता बेटा था और उसकी तीन बहनों में अभी दो की शादी होनी बाकी है। घटना से परिवार गहरे सदमे में है। उन्होंने बिजली विभाग से पीड़ित परिवार को 50 लाख रुपये मुआवजा और परिवार के एक सदस्य को नौकरी देने की मांग की है।

उन्होंने चेतावनी दी कि यदि बिजली विभाग के संबंधित अधिकारियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उचित कार्रवाई नहीं की गई तो विभागीय कार्यालय पर धरना-प्रदर्शन किया जाएगा। उनका कहना है कि पीड़ित गरीब किसान परिवार को न्याय दिलाने के लिए हर स्तर पर आवाज उठाई जाएगी। उन्होंने कहा, “हर हाल में न्याय होगा, सत्यमेव जयते।” साथ ही संबंधित अधिकारियों से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।

और पढ़ें

[the_ad id="164"]