वाराणसी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर गुजरात के वडनगर से उनकी कर्मभूमि वाराणसी तक निकाली गई ‘सेवा संकल्प अभियान’ बाइक यात्रा के तहत बड़ी संख्या में बाइकर्स काशी पहुंचे। अलग-अलग मार्गों से यात्रा करते हुए करीब 250 बाइक पर सवार 500 बाइकर्स ने वाराणसी पहुंचकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति अपना उत्साह और समर्थन जताया।
इस दौरान बाइकर्स में खासा जोश देखने को मिला। यात्रा में शामिल लोगों ने करीब 2,000 किलोमीटर तक का सफर तय किया। वाराणसी पहुंचने पर बाइकर्स का स्वागत किया गया। कार्यक्रम के दौरान भाजपा युवा मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. हिमांग जोशी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर वडनगर से काशी तक यह यात्रा निकाली गई है।
उन्होंने कहा कि अलग-अलग रूट से 2,000 किलोमीटर तक की दूरी तय कर काशी पहुंचे बाइकर्स के अंदर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति उत्साह साफ तौर पर देखने को मिल रहा है। उन्होंने कहा कि सेवा संकल्प अभियान का उद्देश्य प्रधानमंत्री के प्रति लोगों के जुड़ाव और सेवा भावना को प्रदर्शित करना है। यात्रा में शामिल बाइकर्स ने काशी पहुंचकर इस अभियान को यादगार बनाया।









