जानकारी के मुताबिक शांतनु के पिता दीपक दुबे पंडिताई करते हैं। उनकी पत्नी रेखा देवी की वर्ष 2018 में मौत हो चुकी है। शांतनु दो भाइयों में छोटा था। सोमवार रात उसके मोबाइल पर किसी का फोन आया था। इसके बाद वह स्कूटी लेकर घर से निकल गया। देर रात तक वापस नहीं लौटने पर परिजन परेशान हो गए और उसकी तलाश शुरू की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली।
मंगलवार सुबह परिवार के लोग फिर शांतनु की तलाश में निकले। इसी दौरान सोहम आश्रम के पास हवेलिया नाले के समीप उसकी स्कूटी दिखाई दी। सूचना पर परिजन मौके पर पहुंचे और आसपास तलाश की तो नाले में शांतनु का शव औंधे मुंह पड़ा मिला।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने घटना के विभिन्न पहलुओं की जांच शुरू कर दी है। किशोर की हत्या किन परिस्थितियों में और किसने की, इसका पता लगाने के लिए पुलिस परिजनों से पूछताछ के साथ अन्य बिंदुओं पर भी जांच कर रही है।









