बाराबंकी में वकीलों का विरोध तेज, गेट नंबर-1 से वाहनों की एंट्री बंद होने पर प्रदर्शन

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

बाराबंकी। जिला न्यायालय परिसर के गेट नंबर-1 से अधिवक्ताओं के वाहनों की एंट्री बंद किए जाने के विरोध में वकीलों का प्रदर्शन मंगलवार को भी जारी रहा। जिला बार एसोसिएशन के आह्वान पर अध्यक्ष रमण लाल द्विवेदी और महामंत्री प्रदीप श्रीवास्तव समेत सैकड़ों अधिवक्ता सामूहिक अवकाश पर रहे।

अधिवक्ताओं ने गेट नंबर-1 के सामने धरना देकर जिला जज के आदेश के खिलाफ नारेबाजी की। वकीलों का कहना है कि वाहन प्रवेश बंद होने से बुजुर्ग और चलने में असमर्थ अधिवक्ताओं को न्यायालय परिसर तक पहुंचने में परेशानी हो रही है।

बार एसोसिएशन के मुताबिक, जिला न्यायाधीश के आदेश के बाद 4 अक्टूबर से गेट नंबर-1 से अधिवक्ताओं के वाहनों की एंट्री पर रोक लगाई गई है। इस गेट से फिलहाल न्यायाधीशों के वाहन, मुल्जिमों की गाड़ियां और पानी सप्लाई वाले वाहनों को ही प्रवेश दिया जा रहा है।

प्रदर्शन को देखते हुए न्यायालय परिसर में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाते हुए चार थानों की पुलिस फोर्स तैनात की गई। मौके पर क्षेत्राधिकारी नगर संगम कुमार भी मौजूद रहे। अधिवक्ताओं ने वाहन प्रवेश की व्यवस्था बहाल किए जाने की मांग की है।

रिपोर्टर: रवेंद्र वर्मा, बाराबंकी

और पढ़ें

[the_ad id="164"]