पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर (मुगलसराय)। सोमवार को मुगलसराय कोतवाली क्षेत्र के न्यू महाल स्थित निर्माणाधीन अपार्टमेंट में गार्ड शेखर चौहान की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के बाद परिजनों और ग्रामीणों का आक्रोश फूट पड़ा। परिजनों ने अज्ञात लोगों पर मारपीट कर हत्या करने का आरोप लगाते हुए शव को आलूमिल के पास चकिया-मुगलसराय मार्ग पर रखकर जाम कर दिया। मौके पर बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा।
अलीनगर थाना क्षेत्र के आलूमिल निवासी 30 वर्षीय शेखर चौहान पिछले करीब डेढ़ वर्ष से न्यू महाल स्थित निर्माणाधीन अपार्टमेंट में गार्ड की नौकरी कर रहा था। रविवार देर शाम वह अपार्टमेंट परिसर में गंभीर रूप से घायल अवस्था में मिला। परिजन उसे गोधना स्थित निजी अस्पताल ले गए, जहां हालत गंभीर होने पर ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया। उपचार के दौरान देर रात उसकी मौत हो गई।
परिजनों ने की मुआवजे और इंसाफ की मांग
सोमवार को शव घर पहुंचने के बाद परिजनों और ग्रामीणों ने हत्या की आशंका जताते हुए सड़क पर प्रदर्शन शुरू कर दिया। लोगों की प्रमुख मांग मृतक के परिवार को उचित मुआवजा देने और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की है।
मृतक की भाभी सोनिया सिंह ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मामले की स्पष्ट और निष्पक्ष जांच कराने तथा मृतक के छोटे-छोटे बच्चों के भरण-पोषण के लिए उचित आर्थिक सहायता दिलाने की अपील की। परिजनों का कहना है कि परिवार को इंसाफ मिलना चाहिए और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए।
मौके पर दो थानों की फोर्स तैनात
प्रदर्शन की सूचना पर एसडीएम राजेश कुमार वर्मा, सीओ अरुण कुमार सिंह, मुगलसराय थाना प्रभारी अर्जुन सिंह और अलीनगर थाना प्रभारी गगनराज सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए मुगलसराय और अलीनगर थाने की फोर्स समेत बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है।
अधिकारी लगातार परिजनों और प्रदर्शन कर रहे लोगों को समझाने-बुझाने का प्रयास कर रहे हैं। पुलिस और प्रशासन की ओर से उचित कार्रवाई का भरोसा दिया जा रहा है।
प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगें पूरी नहीं हुईं और परिवार को इंसाफ नहीं मिला तो वे इससे भी बड़ा आंदोलन करने के लिए मजबूर होंगे।
मुगलसराय कोतवाली प्रभारी अर्जुन सिंह के अनुसार, प्रथम दृष्टया युवक के गिरने से घायल होने की बात सामने आई है। हालांकि परिजनों द्वारा लगाए गए आरोपों को देखते हुए मामले की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।
परिजनों ने मुआवजे और निष्पक्ष जांच की मांग की, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से इंसाफ की गुहार; मांग पूरी नहीं होने पर बड़े आंदोलन की चेतावनी
अशोक कुमार जायसवाल









