कार-बाइक की भीषण टक्कर में बाइक सवार युवक गंभीर, जिला अस्पताल रेफर

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

कुशीनगर। नेबुआ नौरंगिया थाना क्षेत्र के नौरंगिया तिराहे पर सोमवार को कार और बाइक की आमने-सामने टक्कर में बाइक सवार 22 वर्षीय युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने घायल युवक को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कोटवा पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।

जानकारी के अनुसार, लक्ष्मीपुर गांव के पांडेय छपरा निवासी रोहित गुप्ता (22) सोमवार को किसी काम से कसया गया था। काम निपटाने के बाद वह बाइक से अपने घर लौट रहा था। इसी दौरान नौरंगिया-कप्तानगंज मार्ग पर नौरंगिया तिराहे के पास सामने से आ रही कार से उसकी बाइक की जोरदार टक्कर हो गई।

टक्कर इतनी तेज थी कि बाइक सवार रोहित सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद वह काफी देर तक सड़क पर घायल अवस्था में पड़ा रहा। दुर्घटना की जानकारी होते ही आसपास के लोग मौके पर जुट गए और सड़क पर भीड़ लग गई।

स्थानीय लोगों ने आनन-फानन में घायल युवक को उपचार के लिए सीएचसी कोटवा पहुंचाया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी हालत गंभीर देखते हुए बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर कर दिया।

बताया जा रहा है कि हादसे के दौरान रोहित ने हेलमेट नहीं पहना था, जिसके कारण उसके सिर में गंभीर चोट लगी है। दुर्घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जानकारी जुटाई और हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि नौरंगिया तिराहा काफी व्यस्त क्षेत्र है और यहां वाहनों की तेज आवाजाही के कारण आए दिन दुर्घटना का खतरा बना रहता है। लोगों ने प्रशासन से तिराहे पर यातायात व्यवस्था को दुरुस्त कराने और वाहनों की गति पर नियंत्रण के लिए प्रभावी कदम उठाने की मांग की है।

और पढ़ें

[the_ad id="164"]