लखीमपुर खीरी। गोला तहसील क्षेत्र के रूरा सुल्तानपुर में शारदा नदी का कटान एक बार फिर तेज हो गया है। लगातार हो रहे कटान के चलते काली माता मंदिर भी नदी की धारा में समा गया। मंदिर के नदी में समाने की घटना के बाद स्थानीय लोगों में चिंता बढ़ गई है।
ग्रामीणों के मुताबिक, शारदा नदी के तेज कटान के कारण अब तक करीब चार मंदिर नदी में समा चुके हैं। वहीं वीर बाबा स्थान पर अब केवल शंकर जी का एक मंदिर बचा हुआ है। इस मंदिर पर भी लगातार कटान का खतरा मंडरा रहा है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि अगर समय रहते कटान को रोकने के लिए प्रभावी कदम नहीं उठाए गए तो बचा हुआ मंदिर भी नदी की धारा में समा सकता है। कटान बढ़ने से आसपास के इलाकों में रहने वाले लोगों में भी भय का माहौल है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से तत्काल मौके पर पहुंचकर कटान रोकने के लिए प्रभावी इंतजाम करने और बचे हुए धार्मिक स्थल को सुरक्षित करने की मांग की है। अब लोगों की नजर प्रशासन की कार्रवाई पर टिकी है।









