फर्रुखाबाद। शमशाबाद के एवी इंटर कॉलेज में पुलिस की ओर से साइबर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में छात्राओं को साइबर अपराध, ऑनलाइन ठगी और सोशल मीडिया के सुरक्षित इस्तेमाल को लेकर जागरूक किया गया। साइबर एक्सपर्ट आकाश कुशवाहा और साइबर हेल्प डेस्क कर्मियों ने छात्राओं को साइबर ठगों के नए-नए तरीकों की जानकारी दी।

छात्राओं को बताया गया कि साइबर ठग बैंक अधिकारी, पुलिसकर्मी या रिश्तेदार बनकर लोगों को डराकर अथवा लालच देकर ठगी कर सकते हैं। अनजान कॉल, व्हाट्सऐप मैसेज, ई-मेल और संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने से बचने की सलाह दी गई। पुलिस ने स्पष्ट किया कि किसी भी व्यक्ति के साथ OTP, ATM पिन, CVV, बैंक खाते की जानकारी या पासवर्ड साझा न करें।
कार्यक्रम के दौरान छात्राओं को सोशल मीडिया अकाउंट पर मजबूत पासवर्ड रखने और टू-फैक्टर ऑथेंटिकेशन का इस्तेमाल करने की जानकारी दी गई। साथ ही साइबर फ्रॉड होने पर तत्काल साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत करने की अपील की गई।
कार्यक्रम में प्रधानाचार्य प्रवीण कुमार समेत विद्यालय के शिक्षक और पुलिसकर्मी मौजूद रहे। पुलिस ने छात्राओं से खुद जागरूक रहने के साथ अपने परिवार के सदस्यों को भी साइबर अपराध से बचाव के प्रति जागरूक करने की अपील की।









