चौक/महराजगंज। भारतीय जनता पार्टी द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के उपलक्ष्य में चलाए जा रहे सेवा संकल्प अभियान के क्रम में सोमवार को चौक नगर पंचायत में आयोजित ‘अनकही कहानियां’ कार्यक्रम का समापन हुआ। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल भाजपा नेता ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का सार्वजनिक जीवन सेवा, समर्पण और राष्ट्रहित के प्रति प्रतिबद्धता का उदाहरण है। उनके नेतृत्व में देश विकास, सुशासन और आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ रहा है।
उन्होंने कहा कि सेवा संकल्प अभियान का उद्देश्य केवल सरकार की उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाना नहीं, बल्कि विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के संकल्प को मजबूत करना भी है। केंद्र और प्रदेश सरकार की योजनाओं के माध्यम से गरीब, किसान, महिला, युवा और वंचित वर्ग को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।
कार्यक्रम को भाजपा जिलाध्यक्ष अशोक पांडेय उर्फ संजय पांडेय ने भी संबोधित किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने सार्वजनिक जीवन में सेवा को राजनीति का आधार बनाया है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों की जानकारी प्रत्येक जरूरतमंद व्यक्ति तक पहुंचाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के दौरान भाजपा द्वारा भेजे गए कलाकारों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से केंद्र सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं तथा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जीवन से जुड़ी घटनाओं और संघर्षों को मंच पर प्रस्तुत किया। अभिनय, संवाद और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के जरिए सेवा, समर्पण और राष्ट्र प्रथम की भावना को सामने रखा गया। कार्यक्रम देखने के लिए बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।
समापन अवसर पर मुख्य अतिथि और भाजपा जिलाध्यक्ष ने कलाकारों को अंगवस्त्र एवं माला पहनाकर सम्मानित किया। साथ ही उनके योगदान के लिए आभार जताते हुए विदाई दी।
इस अवसर पर कार्यक्रम के जिला संयोजक एवं जिला उपाध्यक्ष प्रदीप उपाध्याय, विधानसभा संयोजक यंत्री मधेशिया, प्रमुख प्रतिनिधि राम हरख गुप्ता, ओम प्रकाश जायसवाल, इंजी. विवेक गुप्ता, मंडल अध्यक्ष अशोक पटेल, हेमंत गुप्ता, विजय गौड़, राकेश गौड़, अशोक विश्वकर्मा, अरविंद मौर्य, प्रमोद पासवान, छोटे लाल पटेल सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।









