नशामुक्ति और यातायात जागरूकता अभियान का शुभारंभ, युवाओं को दिलाई सुरक्षित जीवन की सीख

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

सिसवा बाजार, महराजगंज। नशे के बढ़ते दुष्प्रभावों पर अंकुश लगाने और लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से नेशनल मानवाधिकार चेतना संगठन की ओर से नशामुक्ति एवं यातायात जागरूकता अभियान की शुरुआत की गई। अभियान के दौरान संगठन के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने लोगों को नशे से दूर रहने तथा सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करने के लिए जागरूक किया।

कार्यक्रम में जेपी पब्लिक स्कूल के करीब 50 छात्र-छात्राओं ने हिस्सा लिया। इस दौरान वक्ताओं ने कहा कि नशे का असर केवल व्यक्ति तक सीमित नहीं रहता, बल्कि इससे पूरा परिवार और समाज प्रभावित होता है। युवाओं को नशे की गिरफ्त से बचाना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। वक्ताओं ने विद्यार्थियों से नशे से दूर रहने और अपने आसपास के लोगों को भी इसके दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने की अपील की।

यातायात जागरूकता के दौरान सड़क सुरक्षा नियमों की जानकारी देते हुए लोगों से वाहन चलाते समय हेलमेट पहनने, मोबाइल फोन का प्रयोग नहीं करने और यातायात नियमों का पूरी तरह पालन करने की अपील की गई। वक्ताओं ने कहा कि यातायात नियमों की अनदेखी दुर्घटनाओं का प्रमुख कारण बन सकती है।

संगठन पदाधिकारियों ने बताया कि अभियान को आगे गांव-गांव और विद्यालयों तक पहुंचाया जाएगा। इसके माध्यम से युवाओं और आमजन को नशामुक्ति के साथ सुरक्षित यातायात के प्रति जागरूक किया जाएगा।

कार्यक्रम में पूर्वांचल प्रभारी सतीश पाण्डेय, प्रदेश महासचिव सुबाष तिवारी, राष्ट्रीय महासचिव शैलेष मिश्रा, जिलाध्यक्ष जितेन्द्र शुक्ला, जिला संयोजक सामवेद पति त्रिपाठी, निचलौल तहसील अध्यक्ष दीपक मिश्रा, सदर ब्लॉक अध्यक्ष सुनील भगत, सदस्य शीतल तिवारी, राष्ट्रीय जनविश्वास पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजेश मिश्र सहित बाल कृष्ण, कृपा निधान, उपेन्द्र नाथ त्रिपाठी, द्विगविजय नाथ दूबे समेत अन्य पदाधिकारी व सदस्य मौजूद रहे।

और पढ़ें

[the_ad id="164"]