महराजगंज। भारत-नेपाल सीमा से सटे प्रमुख व्यापारिक कस्बे ठूठीबारी में सोमवार को उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल उत्तर प्रदेश की स्थानीय इकाई की नई कार्यकारिणी का गठन किया गया। महराजगंज जिलाध्यक्ष फूलचंद अग्रवाल और प्रदेश उपाध्यक्ष जितेंद्र जायसवाल की मौजूदगी में स्थानीय व्यापारियों की सहमति से नई टीम का गठन कर पदाधिकारियों को जिम्मेदारियां सौंपी गईं।
व्यापारियों की सहमति से कृषि व्यवसायी अजय कुमार जायसवाल को अध्यक्ष और आदित्य पटवा को महामंत्री मनोनीत किया गया। वहीं अमित निगम, अंकित निगम और अग्निवेश वर्मा को उपाध्यक्ष, आत्मा कसौधन को कोषाध्यक्ष तथा दीपू निगम को मंत्री की जिम्मेदारी दी गई।
इसके अलावा चंद्रशेखर निगम को संरक्षक, संदीप कुमार निगम और विप्लव मद्धेशिया को मीडिया प्रभारी बनाया गया। कार्यकारिणी सदस्य के रूप में पिंटू कसौधन, उमेश रौनियार, विपिन कसौधन, बासुकी कसौधन, विजय कसौधन, अनूप जायसवाल और सज्जन लाल निगम को सर्वसम्मति से मनोनीत किया गया।
नई कार्यकारिणी के गठन के बाद नवनियुक्त पदाधिकारियों का व्यापारियों ने माल्यार्पण कर स्वागत किया। सभी को सफल कार्यकाल के लिए शुभकामनाएं दी गईं। इस दौरान नवनिर्वाचित पदाधिकारियों ने व्यापारी हितों की रक्षा, समस्याओं के समाधान और संगठन को मजबूत बनाने का संकल्प लिया।
जिलाध्यक्ष फूलचंद अग्रवाल ने कहा कि व्यापारियों की समस्याओं के समाधान और उनके हितों की रक्षा के लिए संगठन लगातार प्रयासरत है। उन्होंने कहा कि सीमा क्षेत्र के व्यापारियों की समस्याओं को मजबूती से संबंधित अधिकारियों के समक्ष उठाया जाएगा। प्रदेश उपाध्यक्ष जितेंद्र जायसवाल ने नई कार्यकारिणी को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि संगठन की एकजुटता से व्यापारियों की आवाज को मजबूती मिलती है।
कार्यक्रम में क्षेत्र के बड़ी संख्या में व्यापारी और संगठन के पदाधिकारी मौजूद रहे।









