महराजगंज। जनपद में बढ़ते साइबर अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाने और आमजन के साथ ही युवाओं को डिजिटल सुरक्षा के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से महराजगंज पुलिस की ओर से साइबर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी के निर्देशन में सोमवार, 5 अक्टूबर 2026 को साइबर क्राइम थाना महराजगंज की टीम ने राजकीय जिला पुस्तकालय में विशेष जागरूकता कार्यक्रम किया।
कार्यक्रम में पुस्तकालय में उपस्थित बालक-बालिकाओं को वर्तमान समय में तेजी से बढ़ रहे ऑनलाइन ठगी और साइबर फ्रॉड के विभिन्न तरीकों के बारे में जानकारी दी गई। पुलिस टीम ने बताया कि साइबर अपराधी लोगों को अलग-अलग तरीकों से अपने जाल में फंसाकर आर्थिक नुकसान पहुंचाने का प्रयास करते हैं। ऐसे में किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ मोबाइल पर प्राप्त ओटीपी, बैंक संबंधी जानकारी, पासवर्ड या अन्य गोपनीय जानकारी साझा नहीं करनी चाहिए।
बच्चों को सोशल मीडिया का सुरक्षित इस्तेमाल करने, अनजान लिंक पर क्लिक नहीं करने, संदिग्ध मैसेज और कॉल से सावधान रहने तथा ऑनलाइन गतिविधियों के दौरान सतर्कता बरतने के लिए प्रेरित किया गया। पुलिस टीम ने साइबर ठगी की स्थिति में घबराने के बजाय तत्काल शिकायत दर्ज कराने की अपील की।
महराजगंज पुलिस ने कहा कि साइबर अपराधों से बचाव के लिए जागरूकता सबसे महत्वपूर्ण सुरक्षा उपायों में से एक है। इस तरह के कार्यक्रमों के माध्यम से युवाओं और आमजन को डिजिटल दुनिया में सुरक्षित रहने के प्रति लगातार जागरूक किया जाएगा।









