गांव में ही प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी की सुविधा, बाहर जाने की जरूरत हुई कम
महराजगंज। भिटौली विकासखंड घुघली की ग्राम पंचायत लक्ष्मीपुर खास में ग्रामीण युवाओं को आधुनिक अध्ययन की सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से विकसित की गई डिजिटल लाइब्रेरी विद्यार्थियों और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले युवाओं के लिए सहारा बन रही है। लाइब्रेरी में युवाओं को शांत और सुविधाजनक वातावरण के साथ डिजिटल संसाधनों की सुविधा भी मिल रही है।
पंचायतीराज विभाग, उत्तर प्रदेश की पहल के तहत विकसित इस डिजिटल लाइब्रेरी के माध्यम से गांव के विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं, उच्च शिक्षा और अन्य ज्ञानवर्धक अध्ययन के लिए आवश्यक संसाधन गांव में ही उपलब्ध हो रहे हैं। इससे ग्रामीण क्षेत्र के युवाओं को पढ़ाई और परीक्षा की तैयारी के लिए बड़े शहरों या अन्य स्थानों पर जाने की जरूरत कम हुई है।
ग्राम प्रधान मोहम्मद अकरम सिद्दीकी ने बताया कि ग्राम पंचायत के विद्यार्थियों और युवाओं को बेहतर अध्ययन का माहौल उपलब्ध कराना प्राथमिकता है। डिजिटल लाइब्रेरी का उद्देश्य गांव के बच्चों और युवाओं को आधुनिक संसाधनों से जोड़ना है, ताकि वे अपनी पढ़ाई और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी बेहतर तरीके से कर सकें।
लाइब्रेरी में कंप्यूटर की पढ़ाई भी निशुल्क कराई जा रही है। गांव के कई बच्चे नियमित रूप से कंप्यूटर सीखने पहुंच रहे हैं। इनमें अमजद सिद्दीकी, गंगाधर, फैसल खान और ईनामूल शामिल हैं।
डिजिटल लाइब्रेरी में पढ़ाई करने वाले सतीश प्रजापति और आयान खान ने बताया कि गांव में ऐसी सुविधा मिलने से काफी सहूलियत हुई है। अब पढ़ाई और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए बाहर जाने की आवश्यकता नहीं पड़ती। शांत वातावरण और जरूरी संसाधन एक ही स्थान पर मिलने से तैयारी में मदद मिल रही है।
ग्रामीणों के अनुसार, डिजिटल लाइब्रेरी गांव के युवाओं को आधुनिक शिक्षा से जोड़ने के साथ उनकी शैक्षिक आकांक्षाओं को नई दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।









