कानपुर। रक्तदान के प्रति लोगों को जागरूक करने और जरूरतमंदों की मदद के उद्देश्य से सोमवार को कानपुर पुलिस कमिश्नर कार्यालय में रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में पुलिसकर्मियों ने उत्साह के साथ रक्तदान कर लोगों को मानवता और सामाजिक जिम्मेदारी का संदेश दिया।
रक्तदान शिविर के दौरान पुलिसकर्मियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। शिविर में सैकड़ों पुलिसकर्मियों ने रक्तदान किया। इस दौरान अधिकारियों ने रक्तदान के महत्व के बारे में जानकारी देते हुए लोगों को भी इसके लिए प्रेरित किया।
ज्वाइंट सीपी क्राइम संकल्प शर्मा ने कहा कि रक्तदान महादान है। किसी व्यक्ति द्वारा किया गया रक्तदान किसी जरूरतमंद मरीज की जिंदगी बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है। उन्होंने कहा कि स्वस्थ व्यक्ति को समय-समय पर रक्तदान करना चाहिए। रक्त की जरूरत अक्सर दुर्घटना, गंभीर बीमारी या आपातकालीन स्थिति में पड़ती है, ऐसे में रक्तदाताओं का योगदान बेहद महत्वपूर्ण होता है।
उन्होंने आम लोगों से भी रक्तदान के लिए आगे आने की अपील की। उनका कहना था कि रक्तदान करने से न केवल जरूरतमंदों की मदद होती है, बल्कि समाज में मानवता और सेवा की भावना को भी बढ़ावा मिलता है।
पुलिस कमिश्नर कार्यालय में आयोजित इस शिविर के जरिए पुलिसकर्मियों ने कानून-व्यवस्था की जिम्मेदारी निभाने के साथ सामाजिक सरोकारों में भी अपनी भागीदारी का संदेश दिया। शिविर के दौरान पुलिसकर्मियों में रक्तदान को लेकर खासा उत्साह देखने को मिला।









