अज्ञात ट्रक की टक्कर से बाइक सवार दो युवकों की दर्दनाक मौत, चालक फरार

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

महराजगंज। बृजमनगंज थाना क्षेत्र के फरेंदा-बृजमनगंज मार्ग स्थित विजयसलहिया के पास सोमवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। घटना की सूचना मिलते ही बृजमनगंज पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू की।

जानकारी के अनुसार बाइक संख्या UP 53 AA 2941 पर सवार दो युवक फरेंदा-बृजमनगंज मार्ग से गुजर रहे थे। इसी दौरान विजयसलहिया के पास तेज रफ्तार अज्ञात ट्रक ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार दोनों युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई।

सूचना मिलने पर बृजमनगंज थाना पुलिस तत्काल घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने दोनों शवों का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए महराजगंज जिला अस्पताल स्थित पोस्टमार्टम हाउस भेज दिया। फिलहाल दोनों मृतकों की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस आसपास के क्षेत्रों में सूचना भेजकर मृतकों की पहचान कराने में जुटी है।

वहीं, हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन लेकर फरार हो गया। पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि पतारसी-सुरागरसी और तकनीकी माध्यमों से अज्ञात ट्रक व उसके चालक का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है। पहचान होने के बाद आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

और पढ़ें

[the_ad id="164"]