पीड़ित परिजनों का आरोप है कि हरचंदपुर थाना पुलिस से न्याय नहीं मिलने पर उन्हें एसपी कार्यालय पहुंचना पड़ा। परिजनों ने गांव के प्रधान लक्ष्मीकांत पर समझौते का दबाव बनाने का भी आरोप लगाया है। मामले में पुलिस अमन नाम के आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है, जबकि नीरज नाम का आरोपी फरार बताया जा रहा है।
सपा विधायक राहुल लोधी ने कहा कि गढ़ी खास में पहले भी मारपीट और छेड़खानी जैसी घटनाएं सामने आ चुकी हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि राजनीतिक संरक्षण के चलते आरोपियों पर दबाव नहीं बन पा रहा है। विधायक ने चेतावनी दी कि पीड़ित परिवार को न्याय नहीं मिला तो आगे बड़ा कदम उठाया जाएगा।
वहीं, प्रधान और एक महिला के बीच बातचीत का कथित ऑडियो वायरल होने के बाद मामला और गरमा गया है। पुलिस अधीक्षक ने पीड़ित परिवार को निष्पक्ष जांच और उचित कार्रवाई का भरोसा दिया है। हरचंदपुर थानाध्यक्ष प्रवीण कुमार सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आरोपी को जेल भेज दिया गया है।









