जर्जर सड़क को लेकर सपा नेताओं ने सौंपा ज्ञापन, आंदोलन की चेतावनी

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

कसया। कसया से रामकोला जाने वाले मार्ग की बदहाल स्थिति को लेकर सपा नेता बंटी राव की अध्यक्षता में सोमवार को लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन में कसया से लेकर टेकुआटार और अगवा गांव तक जर्जर सड़क की मरम्मत और नवनिर्माण की मांग की गई।

ज्ञापन में कहा गया कि सड़क पिछले कई महीनों से अत्यंत जर्जर है। जगह-जगह गड्ढे होने और जलभराव के कारण राहगीरों को आवागमन में परेशानी हो रही है। आए दिन लोग दुर्घटनाओं में चोटिल हो रहे हैं। सड़क की खराब स्थिति के संबंध में कई बार विभागीय अधिकारियों को अवगत कराया जा चुका है।

करीब तीन माह पूर्व सड़क निर्माण का आश्वासन भी दिया गया था। इसके अलावा मुख्यमंत्री की ओर से भी उक्त सड़क के निर्माण की घोषणा किए जाने की बात कही गई, लेकिन अब तक स्थिति जस की तस बनी हुई है।सपा नेताओं ने सड़क को तत्काल गड्ढामुक्त कराने के साथ जल्द से जल्द नवनिर्माण कराने की मांग की। चेतावनी दी कि मांग पूरी नहीं हुई तो धरना-प्रदर्शन किया जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी विभाग की होगी।

इस संबंध में पीडब्ल्यूडी के एई मुकेश यादव ने बताया कि मार्ग की मरम्मत का कार्य शुरू करा दिया गया है। सड़क के चौड़ीकरण के लिए शासन को प्रस्ताव भेजा गया है।
इस दौरान सपा के पूर्व चेयरमैन प्रत्याशी प्रसून जायसवाल, पूर्व जिला पंचायत सदस्य शमशाद सोनू, राहुल सिंह, सिकंदर आलम, सुनील वर्मा, प्रदीप सिंह, अमित शुक्ला सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

और पढ़ें

[the_ad id="164"]