बहराइच। मटेरा थाना क्षेत्र के करौंदा गांव में सोमवार देर शाम शौच के लिए तालाब के पास गई छह वर्षीय बच्ची पर जंगली जानवर ने हमला कर दिया। हमले में बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गई। परिजनों ने बच्ची को उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया, जहां उसका इलाज चल रहा है।
जानकारी के अनुसार, करौंदा गांव निवासी छह वर्षीय सुनयना देर शाम गांव के बाहर स्थित तालाब के पास शौच के लिए गई थी। इसी दौरान झाड़ियों में छिपे जंगली जानवर ने अचानक बच्ची पर हमला कर दिया। हमले से घबराई बच्ची ने शोर मचाना शुरू कर दिया। बच्ची की चीख-पुकार सुनकर आसपास मौजूद ग्रामीण मौके की ओर दौड़े।

ग्रामीणों के शोर मचाने और टॉर्च की रोशनी दिखाने पर जंगली जानवर बच्ची को छोड़कर आम के बाग की ओर भाग गया। इसके बाद ग्रामीणों ने घायल बच्ची को उठाकर परिजनों को सूचना दी। परिजन तत्काल बच्ची को उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज लेकर पहुंचे, जहां उसका इलाज किया जा रहा है।
घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है। परिजनों ने आशंका जताई कि बच्ची पर बाघ ने हमला किया है। ग्रामीणों ने मामले की सूचना वन विभाग को दी। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू की।
हालांकि, वन विभाग के डीएफओ ने प्रारंभिक जांच के आधार पर बताया कि बच्ची पर बाघ ने नहीं, बल्कि सियार ने हमला किया है। वन विभाग की टीम घटना की जांच कर रही है। जंगली जानवर के हमले के बाद ग्रामीणों में भय का माहौल बना हुआ है और लोग बच्चों को अकेले बाहर भेजने से बच रहे हैं।









