एनएचएम संविदा कर्मचारियों ने सौंपा ज्ञापन, 12 अक्टूबर से लखनऊ में आंदोलन की चेतावनी

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

कसया। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) के संविदा कर्मचारियों ने अपनी दो प्रमुख और छह तात्कालिक मांगों को लेकर सोमवार को कसया सीएचसी अधीक्षक मार्कण्डेय चतुर्वेदी को ज्ञापन सौंपा। कर्मचारियों ने मांगें पूरी नहीं होने पर चरणबद्ध आंदोलन की चेतावनी दी है।

संविदा कर्मचारियों ने कहा कि वे पिछले 15-18 वर्षों से स्वास्थ्य विभाग में सेवाएं दे रहे हैं, लेकिन उनकी न्यायोचित मांगों पर शासन स्तर से सकारात्मक कार्रवाई नहीं हुई है। कर्मचारियों की प्रमुख मांगों में नियमितीकरण तथा समान कार्य के लिए समान वेतन लागू करना शामिल है।

इसके अलावा कर्मचारियों ने 10 लाख रुपये का कैशलेस स्वास्थ्य बीमा, डीए, ईपीएफ व एचआरए का लाभ, गैर जनपद स्थानांतरण की सुविधा, अनुकंपा नियुक्ति, आउटसोर्स कर्मचारियों का समायोजन और नियमित भर्ती में 25 प्रतिशत आरक्षण देने की मांग की।

ज्ञापन में कहा गया है कि मांगें पूरी नहीं होने पर 5 से 7 अक्टूबर तक काली पट्टी बांधकर विरोध, 8 से 10 अक्टूबर तक जनपद स्तर पर कार्य बहिष्कार और 12 अक्टूबर से लखनऊ में अनिश्चितकालीन ‘घेरा डालो-डेरा डालो‘ आंदोलन किया जाएगा।

इस दौरान डॉ संजय सिंह, प्रवीण कुमार, सुनील कुमार यादव, मीरा दुबे, डॉ पल्लवी सिंह, इमरान अंसारी, संध्या, अर्चना पांडेय और पूनम राय सहित अन्य संविदा कर्मचारी मौजूद रहे।

और पढ़ें

[the_ad id="164"]