पटना सिटी क्षेत्र के भूतनाथ रोड में आज जदयू के प्रत्याशी नीरज कुमार पहुंचे। उनके साथ एमएलसी रविंद्र कुमार एवं जदयू पदाधिकारियों की एक बैठक आयोजित की गई। यह बैठक आगामी विधान परिषद चुनाव की तैयारी को लेकर आयोजित की गई थी।
बैठक में जदयू प्रत्याशी नीरज कुमार ने कहा कि बहुत से लोग आते हैं, जाते हैं, यह सिलसिला जारी रहता है, लेकिन सब पर हम भारी हैं और भारी मतों से विजयी होंगे। भ्रामक लोगों के प्रचार-प्रसार से मुझे कोई फर्क नहीं पड़ता है।
नीरज कुमार ने दावा किया कि तमाम लोगों का समर्थन उन्हें हासिल है। जदयू के अंदर खिंचतान के सवाल पर उन्होंने कहा कि हमारे नेता नीतीश कुमार और निशांत कुमार का आशीर्वाद प्राप्त है और मुझे किसी की चिंता नहीं है। मतदाता ने विचार बना लिया है कि वोट किसको देना है और वोट मुझे ही देंगे।
इस कार्यक्रम में कुम्हरार विधानसभा के विधायक संजय गुप्ता भी पहुंचे। उन्होंने कहा कि NDA की ओर से नीरज कुमार को प्रत्याशी बनाया गया है, बाकी लोगों का इससे कोई लेना-देना नहीं है। इस तरह के लोग आते हैं, जाते हैं, इससे कोई फर्क नहीं पड़ता है।
इस कार्यक्रम में जदयू के सुरेंद्र यादव, भाजपा के अजय मिश्रा, वार्ड पार्षद प्रतिनिधि सरोज ठाकुर, जदयू के एमएलसी रवींद्र कुमार एवं निहोड़ा यादव ने भी अपने-अपने विचार प्रकट किए।
रिपोर्ट रमण कुमार । पटना सिटी









