केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय ने पटना में मीडिया से बात करते हुए कांग्रेस और विपक्ष पर जमकर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि भारत लोकतंत्र की जननी है और यहाँ जनता ही मालिक है।
नित्यानंद राय ने कहा कि देश की जनता ने नरेंद्र मोदी को तीन बार प्रधानमंत्री चुना है और चौथी बार भी चुनेगी। ऐसे में मल्लिकार्जुन खरगे, राहुल गांधी या विपक्ष का कोई भी नेता अगर कुछ गलत बयान देता है, तो यह देश की जनता और लोकतंत्र का अपमान है, जिसे भारत की जनता कभी बर्दाश्त नहीं करेगी।
उन्होंने कहा कि जो कभी संसद के मान-सम्मान को सम्मान नहीं देते रहे, संसद का मजाक उड़ाते रहे। जो सदन लोगों के हित के लिए, लोगों के काम के लिए, यहाँ के युवाओं के भविष्य के लिए, यहाँ की महिलाओं को अधिकार देने के लिए, अल्पसंख्यक बहनों को अधिकार देने के लिए, किसानों की जिंदगी में खुशी लाने के लिए चर्चा और निर्णय करता है, उसका भी मजाक उड़ाने वाले विपक्ष के लोग आज चाहे कुछ कर लें।
उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में धरना-प्रदर्शन देना भी चाहिए, लेकिन मुद्दों पर देना चाहिए। विपक्ष के पास मुद्दों के आधार पर न कोई आंदोलन है, न कोई कार्यक्रम है। बिना मुद्दे के कोई भी कार्यक्रम अगर कोई पार्टी करती है तो जनता उसकी मान्यता नहीं देती है। आंदोलन की व्यवस्था है, सबका तरीका है, लेकिन कोई तो मुद्दा होना चाहिए। बे-मुद्दे के विपक्ष वाले हमेशा अनाप-शनाप कार्यक्रम और अनाप-शनाप बातें करते रहते हैं।
नित्यानंद राय, केंद्रीय गृह राज्य मंत्री
रिपोर्ट रमण कुमार पटना









