पटना। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष के पटना दौरे को लेकर प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने कहा कि यह सामान्य दौरा है। बिहार से उनका पुराना जुड़ाव रहा है, इसलिए वे समय-समय पर यहां आते हैं और पार्टी कार्यकर्ताओं से मुलाकात करते हैं।
तेजस्वी यादव के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए संजय सरावगी ने कहा कि पार्टी बदलने से ज्यादा जरूरत नीयत बदलने की है। उन्होंने कहा कि जनता भाषण नहीं, हिसाब चाहती है। राजद पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि लंबे समय तक राज्य में शासन करने वालों के कार्यकाल का हिसाब जनता के सामने होना चाहिए।
विपक्षी गठबंधन को लेकर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि यह गठबंधन स्वार्थ पर आधारित है। उन्होंने कहा कि अगर गठबंधन में नीति, सिद्धांत और साझा कार्यक्रम होता तो विधानसभा और विधान परिषद चुनाव में कांग्रेस, राजद और वाम दल अलग-अलग चुनाव नहीं लड़ते। उन्होंने दावा किया कि एनडीए के पांचों दल एकजुट होकर चुनाव मैदान में हैं।
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के बयान पर भी संजय सरावगी ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने खड़गे के बयान को गैर-कानूनी बताते हुए उनसे देश की जनता से माफी मांगने की मांग की। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री को किसी एक दल ने नहीं, बल्कि देश की जनता ने चुना है और देश के खिलाफ किसी भी तरह की टिप्पणी लोकतांत्रिक मूल्यों के अनुरूप नहीं है।
रिपोर्ट— रमण कुमार, पटना









