नौतनवा, महराजगंज। भारत-नेपाल सीमा पर एसएसबी 66वीं वाहिनी और सोनौली पुलिस की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए एक युवक को अवैध नशीली दवाओं के साथ गिरफ्तार किया। पकड़े गए युवक के पास से 10 शीशी कफ सिरप और 120 गोलियां बरामद हुईं। टीम ने आरोपी को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए सोनौली पुलिस के सुपुर्द कर दिया।
जानकारी के अनुसार, देर रात डंडाहेड समवाय प्रभारी को विशेष सूत्रों से सूचना मिली कि सीमा स्तंभ संख्या 519 के पास स्थित फरेनी तिवारी-फरेनी बाजार मार्ग से एक व्यक्ति नशीली दवाएं लेकर नेपाल की ओर जाने वाला है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए कंपनी प्रभारी निरीक्षक कुंवर पाल सिंह ने तत्काल सोनौली पुलिस से संपर्क किया।
इसके बाद एसएसबी और स्थानीय पुलिस की संयुक्त टीम गठित कर बताए गए स्थान पर नाकाबंदी की गई और संदिग्ध व्यक्तियों की सघन तलाशी शुरू की गई। इसी दौरान भारत से नेपाल की ओर जा रहे एक संदिग्ध युवक को रोककर उसकी तलाशी ली गई।
तलाशी के दौरान युवक के पास मौजूद कपड़े के कैरी बैग से कोफ्रॉल कफ लिंटस 100 एमएल की 10 शीशियां तथा प्रॉक्सिमेक स्पास की 8 स्ट्रिप में कुल 120 गोलियां बरामद हुईं। पूछताछ में युवक की पहचान सागर यादव (22) पुत्र स्वर्गीय उमाशंकर यादव, निवासी ग्राम चिलिया कुजावन, जिला रूपंदेही, लुंबिनी, नेपाल के रूप में हुई।
प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह दवाओं को अवैध रूप से सीमा पार कर नेपाल ले जा रहा था। उसके पास बरामद दवाओं से संबंधित कोई वैध चिकित्सकीय पर्चा या कैश मेमो नहीं मिला।
एसएसबी और पुलिस टीम ने आरोपी तथा बरामद दवाओं को अग्रिम विधिक कार्रवाई के लिए थाना सोनौली पुलिस को सौंप दिया है। मामले में पुलिस द्वारा आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।









