महराजगंज। नौतनवा न्यू प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर रविवार को मुख्यमंत्री जन आरोग्य मेले का आयोजन किया गया। मेले में चिकित्सकों और स्वास्थ्यकर्मियों ने पहुंचे दर्जनों मरीजों की स्वास्थ्य जांच कर उन्हें आवश्यक दवाएं उपलब्ध कराईं और उचित चिकित्सकीय परामर्श दिया।
महिला चिकित्सक रेशमा खातून ने बुखार, खांसी, सर्दी समेत विभिन्न रोगों से पीड़ित मरीजों का परीक्षण किया। उन्होंने मरीजों की समस्याओं को सुनकर आवश्यक सलाह दी। इसके अलावा प्रसूति संबंधी समस्याओं से जुड़ी महिलाओं की भी जांच की गई और उन्हें स्वास्थ्य संबंधी जरूरी परामर्श दिया गया।
जन आरोग्य मेले में तोविना, पिंकी, सुमन, प्रियंका, उमेश गुप्ता, राबिया खातून समेत कई मरीजों ने स्वास्थ्य परीक्षण कराया। चिकित्सकों ने मरीजों को बीमारी के अनुसार दवाएं लेने और स्वास्थ्य के प्रति सावधानी बरतने की सलाह दी।
स्वास्थ्य मेले का उद्देश्य ग्रामीण और आसपास के क्षेत्र के लोगों को प्राथमिक स्तर पर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना रहा। मेले के दौरान स्वास्थ्यकर्मियों ने मरीजों को नियमित जांच कराने और किसी भी स्वास्थ्य समस्या को नजरअंदाज नहीं करने की सलाह दी।
कार्यक्रम का संचालन फार्मासिस्ट सुरेंद्र दुबे ने किया। इस दौरान एनसीडी एलटी तरुण तिवारी, वार्ड बॉय दिलीप पांडेय, एएनएम आरती सिंह और स्टाफ नर्स निशा सहित अन्य स्वास्थ्यकर्मी मौजूद रहे। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने पूरे कार्यक्रम के दौरान मरीजों की जांच और उपचार संबंधी व्यवस्थाओं को संभाला।









