महराजगंज। जिला मुख्यालय स्थित लोहिया पार्क में रविवार को सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के कार्यकर्ताओं की बैठक आयोजित की गई। बैठक में संगठन के विस्तार, कार्यकर्ताओं की समस्याओं और आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर चर्चा की गई।
बैठक को संबोधित करते हुए सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के प्रदेश महासचिव प्रकोष्ठ के शैलेश कुमार गुप्ता ने कहा कि संगठन को मजबूत करने के लिए कार्यकर्ताओं के बीच आपसी समन्वय और संवाद जरूरी है। उन्होंने कहा कि कुछ कार्यकर्ता किसी बात को लेकर नाराज चल रहे थे। बैठक के माध्यम से उनकी नाराजगी दूर करने का प्रयास किया गया और उन्हें हर संभव सहयोग का भरोसा दिलाया गया।
शैलेश कुमार गुप्ता ने कहा कि पार्टी का मुख्य उद्देश्य संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करना है। इसके लिए कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारियां सौंपते हुए अधिक से अधिक लोगों को पार्टी से जोड़ने पर जोर दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि वर्ष 2027 में विधानसभा चुनाव होने हैं, जिसमें पार्टी को एक विधानसभा क्षेत्र मिलने की उम्मीद है।
उन्होंने कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर पार्टी प्रत्याशी को जिताने के साथ ही गठबंधन के तहत भाजपा प्रत्याशियों के समर्थन में भी पूरी ताकत से काम करने का आह्वान किया। बैठक में कार्यकर्ताओं ने संगठन को मजबूत बनाने और आगामी चुनाव की तैयारियों में सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लिया। इस मौके पर अखिल आनंद शर्मा, राहुल राजभर, जोगिंदर राजभर, उर्मिला राजभर, विश्वकर्मा राजभर, भारत राजभर, जगदेव राजभर, रूप मणी, मंजू यादव, सुभाष चंद्र, राघवेंद्र यादव तथा तमाम लोग उपस्थित रहे।









