महराजगंज। उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा चलाए जा रहे मिशन शक्ति 5.0 अभियान के तहत महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन को लेकर थाना सोनौली पुलिस की ओर से ग्राम अरघा में बहू-बेटी सम्मेलन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में करीब 16 महिलाओं एवं बालिकाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
सम्मेलन में उपनिरीक्षक प्रिया तिवारी और महिला कांस्टेबल रीमा ने महिलाओं एवं बालिकाओं को विभिन्न प्रकार के अपराधों से बचाव और उनके कानूनी अधिकारों के बारे में जानकारी दी। पुलिस टीम ने छेड़छाड़, दहेज उत्पीड़न, दहेज हत्या और यौन अपराधों जैसी घटनाओं के प्रति सतर्क रहने तथा किसी भी परेशानी की स्थिति में तत्काल पुलिस और प्रशासन को सूचना देने के लिए जागरूक किया।
पुलिस टीम ने आपातकालीन परिस्थितियों में सहायता प्राप्त करने के लिए 112 आपातकालीन सेवा, 1090 महिला पावर लाइन, 102/108 स्वास्थ्य सेवाएं और 181 महिला हेल्पलाइन सहित साइबर हेल्पलाइन के उपयोग के बारे में विस्तार से बताया। महिलाओं को शासन की ओर से संचालित बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ जैसी कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी दी गई।
कार्यक्रम के दौरान बालिकाओं एवं महिलाओं को बिना बताए घर छोड़ने या एलोपमेंट जैसी परिस्थितियों से उत्पन्न होने वाली सामाजिक चुनौतियों और संभावित दुष्परिणामों के प्रति भी सतर्क किया गया। पुलिस टीम ने महिलाओं को किसी भी समस्या को छिपाने के बजाय परिवार, पुलिस या संबंधित विभाग को जानकारी देने के लिए प्रेरित किया।
सम्मेलन में मौजूद महिलाओं एवं बालिकाओं ने पुलिस की इस पहल की सराहना की। उन्होंने कहा कि ऐसे जागरूकता कार्यक्रमों से महिलाओं में सुरक्षा के प्रति सजगता बढ़ने के साथ अपनी समस्याओं को निर्भीक होकर पुलिस और प्रशासन के समक्ष रखने का आत्मविश्वास भी बढ़ता है।









