उत्तर प्रदेश के देवरिया से एक बेहद दुखद घटना सामने आई है, जहां सूबेदार मेजर का पार्थिव शरीर ले जा रही एंबुलेंस का पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर एक्सीडेंट हो गया, जिसमें मेजर के बेटे सहित चार लोगों की मौत हो गई|
चंडीगढ़ से देवरिया जा रही थी एम्बुलेंस
देवरिया जनपद निवासी सूबेदार मेजर सत्यवान का पार्थिव शरीर 4 अक्टूबर को एम्बुलेंस द्वारा चंडीगढ़ से उनके गृह जिला ले जाया जा रहा था| मिली जानकारी के अनुसार रविवार सुबह पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर एक अज्ञात वाहन ने एम्बुलेंस को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे उसमें बैठे सूबेदार मेजर के पुत्र गौरव सिंह, भाई राजन चौधरी, भतीजे राम समुझ सिंह और चालक जसपाल गंभीर रूप से घायल हो गए|
बताया जा रहा है कि टक्कर इतनी जोरदार थी कि गौरव सिंह और चालक जसपाल की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल राजन चौधरी और राम समुझ सिंह को तुरंत पिठला कुमारगंज स्थित अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां दोनों ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया|
तफ्तीश में जुटी पुलिस
इस घटना के बाद पुलिस ने मेजर के परिजनों को इसकी सूचना दी, जिसके बाद घर में कोहराम मच गया| फ़िलहाल पुलिस अज्ञात वाहन की तलाश में जुटी है और मेजर के पार्थिव शरीर को थाना में ससम्मान सुरक्षित रखा गया है|









