रायबरेली। जिला महिला अस्पताल की व्यवस्थाओं को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं। अस्पताल के गेट के बाहर गर्भवती महिला का प्रसव होने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो सामने आने के बाद स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मचा हुआ है।
बताया जा रहा है कि प्रसव पीड़ा से परेशान गर्भवती महिला को उसके तीमारदार जिला महिला अस्पताल लेकर पहुंचे थे। इसी दौरान अस्पताल के गेट के बाहर ही महिला की प्रसव प्रक्रिया शुरू हो गई और कुछ ही देर में उसने बच्चे को जन्म दे दिया। इसके बाद अस्पताल कर्मियों ने आनन-फानन में महिला को अस्पताल के अंदर भर्ती कराया।
मामले में महिला के तीमारदारों ने अस्पताल प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए हैं। तीमारदार का आरोप है कि डिलीवरी के लिए उनसे 10 हजार रुपये की मांग की गई और रुपये नहीं देने पर गर्भवती का उचित इलाज नहीं किया गया। हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।
फिलहाल जच्चा और बच्चा दोनों अस्पताल में भर्ती हैं। बताया जा रहा है कि नवजात को आईसीयू में उपचार दिया जा रहा है।
घटना का वीडियो वायरल होने के बाद जिला महिला अस्पताल की व्यवस्थाओं और मरीजों को मिलने वाली सुविधाओं को लेकर सवाल उठने लगे हैं। अब देखना होगा कि स्वास्थ्य विभाग वायरल वीडियो और लगाए गए आरोपों की जांच कर क्या कार्रवाई करता है।
रिपोर्ट— मनीष अवस्थी, रायबरेली









