महराजगंज। धानी ब्लॉक क्षेत्र के धानीगांव में शनिवार की रात सांप के काटने से शंकर चौधरी पुत्र लौटन चौधरी की भैंस की मौत हो गई। पीड़ित के अनुसार भैंस की कीमत लाखों रुपये थी। घटना के बाद परिवार के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है।
शंकर चौधरी ने बताया कि शनिवार की रात उनकी भैंस को सांप ने काट लिया। इसके बाद उन्होंने तत्काल भैंस के उपचार के लिए पशु चिकित्साधिकारी धानी से संपर्क करने का प्रयास किया। पीड़ित के मुताबिक, संबंधित चिकित्साधिकारी के मोबाइल नंबर पर संपर्क करने पर फोन स्विच ऑफ बताया गया। इसके बाद वह उपचार की उम्मीद में पशु अस्पताल पहुंचे, लेकिन वहां भी ताला बंद मिला।
पीड़ित का कहना है कि समय पर उपचार नहीं मिलने के कारण भैंस की हालत बिगड़ती चली गई और उसकी मौत हो गई। भैंस पशुपालक परिवार की आय का महत्वपूर्ण साधन थी। अचानक उसकी मौत से परिवार को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा है।
शंकर चौधरी ने बताया कि वह आर्थिक रूप से कमजोर हैं और पशुपालन के जरिए परिवार की जरूरतें पूरी करते हैं। भैंस की मौत उनके लिए बड़ा आर्थिक झटका है। उन्होंने संबंधित विभागीय अधिकारियों से घटना का संज्ञान लेने, पशु अस्पताल की व्यवस्था की जांच कराने तथा पीड़ित परिवार को संभव सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है।
ग्रामीणों ने भी पशु अस्पताल की सेवाओं को लेकर सवाल उठाते हुए कहा कि आपात स्थिति में पशुपालकों को समय पर चिकित्सकीय सहायता मिलना जरूरी है। मामले में विभागीय स्तर पर क्या कार्रवाई होती है, इस पर ग्रामीणों की नजर बनी हुई है।









