आज के छात्रों के हाथों में होगी 2047 के विकसित भारत की बागडोर : मनीष जायसवाल

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

शिक्षा आर्थिक-सामाजिक विकास के साथ राष्ट्र के प्रति समर्पित योग्य नागरिकों का भी करती है निर्माण : एनपी कुशवाहा

कुशीनगर। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा प्रदेश के छात्र-छात्राओं के खातों में डीबीटी के माध्यम से छात्रवृत्ति की धनराशि अंतरित किए जाने के कार्यक्रम का आज पडरौना स्थित भारतीय इंटरमीडिएट कॉलेज में लाइव प्रसारण किया गया।

इस अवसर पर समारोहपूर्वक छात्र-छात्राओं को छात्रवृत्ति के प्रमाण पत्र वितरित किए गए। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं के साथ विद्यालय परिवार के शिक्षक एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

समारोह के मुख्य अतिथि सदर विधायक मनीष जायसवाल ने छात्र-छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि आज के विद्यार्थी ही वर्ष 2047 के विकसित भारत की बागडोर संभालेंगे। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों के सपनों, प्रतिभा और क्षमता को सही दिशा देने में शिक्षा की महत्वपूर्ण भूमिका है।

सरकार द्वारा छात्रवृत्ति जैसी योजनाओं के माध्यम से आर्थिक रूप से कमजोर विद्यार्थियों को आगे बढ़ने का अवसर दिया जा रहा है, जिससे वे बिना किसी आर्थिक बाधा के अपनी शिक्षा जारी रख सकें।

उन्होंने विद्यार्थियों से पूरी निष्ठा और लगन के साथ अध्ययन कर देश के विकास में अपनी भूमिका निभाने का आह्वान किया। अध्यक्षता करते हुए विद्यालय के प्रबंध निदेशक एनपी कुशवाहा ने कहा कि शिक्षा केवल आर्थिक और सामाजिक विकास का माध्यम नहीं है, बल्कि यह राष्ट्र के प्रति समर्पित और योग्य नागरिकों का भी निर्माण करती है।

उन्होंने कहा कि विद्यार्थी देश का भविष्य हैं और उनके व्यक्तित्व निर्माण में विद्यालय, शिक्षक तथा अभिभावकों की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। छात्रवृत्ति विद्यार्थियों के लिए आर्थिक सहयोग के साथ-साथ उनके मनोबल को बढ़ाने का भी माध्यम है।

उन्होंने छात्र-छात्राओं को लक्ष्य निर्धारित कर अनुशासन और परिश्रम के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा दी। कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राओं को छात्रवृत्ति के प्रमाण पत्र वितरित किए गए। विद्यार्थियों में छात्रवृत्ति प्राप्त करने को लेकर उत्साह दिखाई दिया।

वक्ताओं ने कहा कि सरकार की छात्रवृत्ति योजना का उद्देश्य पात्र विद्यार्थियों को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराकर उन्हें शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़े रखना है। कार्यक्रम का स्वागत प्रशासनिक अधिकारी शत्रुघ्न जायसवाल एवं विशाल शुक्ला ने किया, जिसके अंतर्गत शॉल,बुके और मोमेंटो देकर सभी का स्वागत अभिनंदन किया गया ।

संचालन विद्यालय के प्रवक्ता आरके भट्ट एवं इब्राहिम अंसारी ने संयुक्त रूप से किया। समाज कल्याण विभाग के तत्वावधान में आयोजित समारोह में जिला समाज कल्याण अधिकारी रामाशंकर यादव, जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी भरत लाल गोंड, राजकीय बालिका इंटर कॉलेज पडरौना के प्रधानाचार्य रामस्वरूप गुप्त, विद्यालय के प्रवक्ता उमाकांत गुप्त, अशोक कुमार पांडेय, अंकुर मिश्रा, वेद प्रकाश दुबे, प्रमोद कुशवाहा, कन्हैया कुशवाहा, डीएन राव, आंचल, संध्या विश्वकर्मा, सौम्या जायसवाल, सीमा शुक्ला, माधवी द्विवेदी, वीरेंद्र दुबे, मंटू अली, संदीप कुशवाहा, सच्चिदानंद कुशवाहा, राजू कुशवाहा, सुभाष यादव, सोनू तिवारी, घनश्याम मोदनवाल सहित विद्यालय परिवार के सदस्य एवं सैकड़ों छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

 


साजिद अंसारी पड़रौना

और पढ़ें

[the_ad id="164"]