अचानक कुत्ता आने से अनियंत्रित होकर पलटा ऑटो, चालक समेत तीन घायल

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

महराजगंज। कोल्हुई से फरेंदा सवारी लेकर जा रहा एक ऑटो अचानक सड़क पर कुत्ता आ जाने से अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में ऑटो चालक समेत तीन सवारियां घायल हो गईं। स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) लक्ष्मीपुर पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।

जानकारी के अनुसार ऑटो चालक कोल्हुई क्षेत्र से सवारियां लेकर फरेंदा की ओर जा रहा था। इसी दौरान एनएच-24 पर स्थित पिपरा परसौनी एचपी पेट्रोल पंप के पास अचानक एक कुत्ता सड़क पर आ गया। कुत्ते को बचाने के प्रयास में चालक ने ऑटो पर नियंत्रण खो दिया, जिसके बाद ऑटो अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया।

हादसे के बाद मौके पर आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई। लोगों ने तत्काल ऑटो में फंसे चालक और सवारियों को बाहर निकाला तथा घटना की सूचना संबंधित लोगों को दी। इसके बाद सभी घायलों को उपचार के लिए सीएचसी लक्ष्मीपुर ले जाया गया। चिकित्सकों द्वारा घायलों का इलाज किया जा रहा है।

हादसे की सूचना मिलने के बाद स्थानीय स्तर पर पुलिस को भी जानकारी दी गई। दुर्घटना के कारण कुछ समय के लिए मौके पर अफरा-तफरी का माहौल रहा। पुलिस मामले की जानकारी जुटा रही है।

और पढ़ें

[the_ad id="164"]