पंखे को ठीक करते समय करंट की चपेट में आए व्यक्ति की मौत, परिवार में मचा कोहराम

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

सोनौली/महराजगंज। सोनौली कोतवाली क्षेत्र के मोहनजोत गांव में शनिवार सुबह करीब 9:30 बजे करंट की चपेट में आने से एक व्यक्ति की मौत हो गई। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया। मृतक की पहचान करीब 40 वर्षीय गोविंद धोबी के रूप में हुई है।

बताया गया कि गोविंद सुबह घर में खाना खाने बैठे थे। इसी दौरान उन्होंने पंखे को ठीक करने के लिए उसे पकड़कर सीधा करने का प्रयास किया। पंखे में करंट उतरने के कारण वह उसकी चपेट में आ गए और जमीन पर गिर पड़े। घटना के बाद घर में अफरा-तफरी मच गई। परिजन आनन-फानन में उन्हें रतनपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।

गोविंद की मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया। बताया गया कि उनके दो बेटे और दो बेटियां हैं, जिनकी अभी शादी नहीं हुई है। पिता की अचानक मौत से बच्चों के सिर से पिता का साया उठ गया। घटना को लेकर गांव में भी शोक का माहौल है और यह हादसा ग्रामीणों के बीच चर्चा का विषय बना हुआ है।

सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

और पढ़ें

[the_ad id="164"]