स्वच्छता ही सेवा अभियान के तहत एसएसबी ने ली स्वच्छता की शपथ, ‘एक पेड़ मां के नाम’ किया पौधारोपण

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

नौतनवा, महराजगंज। सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) 66वीं वाहिनी की ओर से शुक्रवार को ‘स्वच्छता ही सेवा’ अभियान के अंतर्गत वाहिनी मुख्यालय सहित सभी सीमा चौकियों पर विभिन्न जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इस दौरान जवानों और अधिकारियों ने स्वच्छता के प्रति लोगों को जागरूक करने का संकल्प लिया। साथ ही पर्यावरण संरक्षण के संदेश के साथ ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत पौधारोपण किया गया।

कार्यक्रम का आयोजन द्वितीय कार्यवाहक कमांडेंट बिप्लव दौलागजऊ के नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में किया गया। वाहिनी मुख्यालय तथा इसकी समस्त सीमा चौकियों पर स्वच्छता शपथ ग्रहण कार्यक्रम आयोजित हुआ। मुख्य समारोह में अधिकारियों, अधीनस्थ अधिकारियों और बल कार्मिकों को स्वच्छता बनाए रखने तथा समाज के लोगों को भी स्वच्छता के प्रति जागरूक करने की शपथ दिलाई गई।

इस अवसर पर अधिकारियों और जवानों ने अपने कार्यस्थल के साथ-साथ आसपास के क्षेत्रों में स्वच्छता बनाए रखने तथा लोगों को स्वच्छता के महत्व के प्रति जागरूक करने का संकल्प लिया। अधिकारियों ने कहा कि स्वच्छ वातावरण स्वस्थ समाज की आधारशिला है और इसमें प्रत्येक व्यक्ति की सहभागिता आवश्यक है।

स्वच्छता अभियान के साथ पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से ‘एक पेड़ मां के नाम’ पहल के तहत व्यापक स्तर पर पौधारोपण किया गया। पौधारोपण कार्यक्रम में एसएसबी के अधिकारियों और बल कार्मिकों ने उत्साह के साथ भाग लिया। इस दौरान पर्यावरण संरक्षण और अधिक से अधिक पौधे लगाने का संदेश दिया गया।

कार्यक्रम के अंत में कार्यवाहक कमांडेंट ने सभी कार्मिकों से दैनिक जीवन में स्वच्छता को अपनाने और पर्यावरण की सुरक्षा के लिए सदैव तत्पर रहने की अपील की।

इस अवसर पर उप कमांडेंट मनीष श्रीवास्तव, अमित कुमार सिंह, अपूर्व आनंद, निरीक्षक मणिभूषण, विनोद कुमार, रमाकांत सहित बड़ी संख्या में बल कार्मिक मौजूद रहे।

और पढ़ें

[the_ad id="164"]