घुघली, महराजगंज। घुघली विकास खंड के सहायक विकास अधिकारी सहकारिता कमलेश कुमार शाही को कोऑपरेटिव इंस्पेक्टर संगठन का जिलाध्यक्ष सर्वसम्मति से चुना गया है। उनके जिलाध्यक्ष बनाए जाने पर सहकारिता विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों ने हर्ष व्यक्त करते हुए बधाई दी।
गोरखपुर मंडल कार्यालय में आयोजित संगठन की बैठक के दौरान मंडल अध्यक्ष अर्जुन पटेल, अपर जिला सहकारी अधिकारी रवि श्रीवास्तव, दिनेश एवं जितेंद्र प्रताप सिंह की मौजूदगी में जिलाध्यक्ष पद को लेकर चर्चा हुई। बैठक में जनपद के सहकारिता विभाग से जुड़े सभी सहायक विकास अधिकारियों ने कमलेश कुमार शाही के नाम पर सर्वसम्मति से अपनी सहमति जताई।
सभी अधिकारियों की सहमति के बाद कमलेश कुमार शाही के नाम की औपचारिक रूप से जिलाध्यक्ष पद के लिए घोषणा की गई। संगठन के पदाधिकारियों और सदस्यों ने उम्मीद जताई कि उनके नेतृत्व में संगठन को मजबूती मिलेगी और सहकारिता विभाग से जुड़े कर्मचारियों की समस्याओं को उचित मंच पर प्रभावी ढंग से उठाया जाएगा।
जिलाध्यक्ष चुने जाने के बाद कमलेश कुमार शाही ने संगठन के सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि उन्हें जो जिम्मेदारी सौंपी गई है, उसका पूरी निष्ठा और ईमानदारी के साथ निर्वहन करने का प्रयास करेंगे। संगठन की एकजुटता और कर्मचारियों के हितों से जुड़े विषयों को प्राथमिकता के साथ उठाया जाएगा।
कमलेश कुमार शाही के सर्वसम्मति से जिलाध्यक्ष चुने जाने पर सहायक विकास अधिकारी सहकारिता रणजीत सिंह, साकेत पटेल, आशीष सिंह, इंदु प्रकाश राय, विजय प्रताप सिंह, सुनील चौरसिया, रामकेशव, पृथ्वीराज यादव, अखिलेश द्विवेदी, प्रदीप त्रिपाठी, उत्तीचंद और रामकिशुन गुप्ता सहित अन्य अधिकारियों ने बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।









