बारिश ने दशहरा मेले की रौनक पर फेरा पानी

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

डीएवी नारंग इंटर कॉलेज के मैदान में जलभराव से आयोजन प्रभावित, दुकानदारों और बच्चों में मायूसी

घुघली महराजगंज। लगातार कई दिनों से हुई बारिश ने इस बार घुघली के दशहरा मेले की तैयारियों और रौनक पर पानी फेर दिया है। स्थानीय डीएवी नारंग इंटर कॉलेज के मैदान में लगने वाले मेले के लिए मैदान में जगह-जगह पानी भर गया है। इसके चलते मेला लगाने पहुंचे दुकानदारों और झूला संचालकों को अपना सामान समेटकर लौटना पड़ रहा है।

हर वर्ष दशहरा के मौके पर डीएवी नारंग इंटर कॉलेज के मैदान में लगने वाला मेला बच्चों के आकर्षण का प्रमुख केंद्र रहता है। मेले में खिलौने, खान-पान की दुकानें, झूले और मनोरंजन के विभिन्न साधन बच्चों के साथ बड़ों को भी अपनी ओर खींचते हैं। इस बार भी मेले को लेकर लोगों में खासा उत्साह था और जलपरी के आयोजन की भी तैयारी की गई थी।

लेकिन लगातार बारिश के कारण मैदान की स्थिति खराब हो गई है। चारों तरफ पानी और कीचड़ होने से मेला आयोजन पर संकट खड़ा हो गया है। दुकानदारों का कहना है कि ऐसी स्थिति में दुकानें लगाना और लोगों का डीएवी मैदान में लगने वाले मेले तक पहुंचना मुश्किल होगा। इससे कारोबार प्रभावित होने की आशंका है।

बारिश का असर केवल मेले की तैयारियों तक सीमित नहीं है, बल्कि दशहरा के उत्साह पर भी दिखाई देने लगा है। बच्चों को जहां हर वर्ष मेले का बेसब्री से इंतजार रहता था, वहीं इस बार मौसम ने उनकी उम्मीदों पर भी पानी फेर दिया है। बच्चों में अभी से ही जलपरी आदि कार्यक्रमों की देखने की उत्साह थी।

और पढ़ें

[the_ad id="164"]