महराजगंज। घुघली थाना क्षेत्र की होमगार्ड कंपनी घुघली में अधिवर्षता आयु पूर्ण करने वाले दो होमगार्ड जवानों रामकरण शर्मा और अर्जुन शर्मा के सम्मान में विदाई समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में सेवानिवृत्त होमगार्डों के सेवाकाल की सराहना करते हुए उन्हें सम्मानपूर्वक विदाई दी गई।
कार्यक्रम में जिला कमांडेंट मनोज सिंह बघेल, बीओ सत्यनारायण तथा कंपनी कमांडर विजय कुमार सहित अन्य अधिकारी एवं होमगार्ड जवान मौजूद रहे। अधिकारियों ने दोनों सेवानिवृत्त होमगार्डों के कार्यकाल को याद करते हुए उनके योगदान की प्रशंसा की और उनके स्वस्थ एवं सुखमय भविष्य की कामना की।
विदाई समारोह में घुघली थाना अध्यक्ष अरविंद कुमार सिंह ने भी सेवानिवृत्त होमगार्डों को शुभकामनाएं दीं। इस दौरान पीसी तारकेश्वर, मंदिर जोगेंद्र तिवारी, हरि गोविंद सिंह, ग्राम सूरत प्रसाद, इंद्रजीत प्रजापति औरब्रह्मदेव यादव समेत कई लोग उपस्थित रहे।
समारोह के दौरान सहकर्मियों ने रामकरण शर्मा और अर्जुन शर्मा के साथ बिताए सेवाकाल के अनुभव साझा किए। भावुक माहौल में दोनों सेवानिवृत्त होमगार्डों को सम्मानित कर विदाई दी गई। अधिकारियों और सहकर्मियों ने उनके आगामी जीवन के लिए मंगलकामनाएं व्यक्त कीं।









