पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर (मुगलसराय)। महात्मा गांधी की 157वीं जयंती की पूर्व संध्या पर गुरुवार की रात साहू समाज की ओर से दीप प्रज्वलन एवं माल्यार्पण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में समाज के लोगों ने महात्मा गांधी के चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की और उनके विचारों को आत्मसात करने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में साहू समाज के स्वजातीय बंधुओं ने हर्षोल्लास के साथ भाग लिया। दीप प्रज्वलन के दौरान महात्मा गांधी के सत्य, अहिंसा, स्वच्छता और सामाजिक एकता के संदेश को याद किया गया। वक्ताओं ने कहा कि गांधी जी के विचार आज भी समाज के लिए प्रेरणादायी हैं और उनके बताए रास्ते पर चलकर समाज में एकता एवं भाईचारे को मजबूत किया जा सकता है।
कार्यक्रम में संबोधित करते हुए कहा गया कि महात्मा गांधी का संदेश ‘करो या मरो’ केवल नारा नहीं, बल्कि अपने लक्ष्य के प्रति दृढ़ संकल्प और निरंतर कर्म करने की प्रेरणा देता है। इसका अर्थ यह है कि हमें रुकना नहीं है, बल्कि अपने कार्य को पूरी जिम्मेदारी के साथ पूरा करना है। समाज के प्रत्येक व्यक्ति को आगे बढ़ने के साथ ही समाज को भी आगे बढ़ाने में योगदान देना चाहिए।
वक्ताओं ने कहा कि जिस समाज में एकजुटता होती है और संगठन में शक्ति होती है, वह समाज हमेशा मजबूत रहता है। इसलिए सभी को आपसी मतभेद भुलाकर एकजुट होकर समाज के विकास के लिए कार्य करना चाहिए। कार्यक्रम के दौरान समाज के लोगों ने एक-दूसरे को साथ लेकर चलने और सामाजिक संगठन को मजबूत बनाने पर जोर दिया। इस अवसर पर आशीष गुप्ता, राजीव गुप्ता, मनोज गुप्ता, जयप्रकाश गुप्ता, सौरभ गुप्ता, मनीष गुप्ता, विजय गुप्ता सहित साहू समाज के अन्य लोग मौजूद रहे।









