150 साल की गौरवशाली यात्रा: रेलवे इंटर कॉलेज में दो दिवसीय पुरातन छात्र समागम का भव्य शुभारंभ

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर (मुगलसराय)। पूर्व मध्य रेलवे इंटर कॉलेज की स्थापना के 150 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में आयोजित दो दिवसीय पुरातन छात्र समागम का शुक्रवार को भव्य आगाज हुआ। विद्यालय परिसर में आयोजित उद्घाटन समारोह में देश-विदेश के विभिन्न क्षेत्रों में कार्य कर चुके सैकड़ों पुरातन छात्र-छात्राएं और पूर्व शिक्षक शामिल हुए।

कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के पुरातन छात्र एवं सेवानिवृत्त आईएएस निर्मलजीत सिंह कलसी, एयर मार्शल गुरनाम सिंह, मानस पोद्दार, पंकज कुमार सिंह और डीआरएम उदय सिंह मीना ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इसके बाद सरस्वती वंदना और स्वागत गीत प्रस्तुत किए गए।

समागम में वर्ष 1965 से 2025 तक विद्यालय में पढ़ाई कर चुके विभिन्न बैचों के पुरातन विद्यार्थी पहुंचे। वर्षों बाद अपने सहपाठियों और शिक्षकों से मिलकर पुरातन छात्रों के चेहरे पर खुशी और उत्साह नजर आया। किसी ने पुराने दोस्तों से मुलाकात कर छात्र जीवन की यादें ताजा कीं तो किसी ने विद्यालय की कक्षाओं, मैदान और पुराने दिनों के अनुभव साझा किए।

समागम का उद्देश्य विद्यालय से जुड़ी विभिन्न पीढ़ियों के विद्यार्थियों को एक मंच पर लाना और उनकी पुरानी स्मृतियों को साझा करना है। कार्यक्रम अध्यक्ष राजेश गुप्ता के नेतृत्व में इसकी तैयारियां की गई थीं। समारोह के दौरान विभिन्न बैचों के पुरातन विद्यार्थियों ने मंच से अपना परिचय देने के साथ विद्यालय से जुड़ी यादें साझा कीं। सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किए गए।

विद्यालय परिसर में लगाए गए संदेशों ने भी कार्यक्रम को भावुक बना दिया। ‘ईंटों से इमारत बनती है, यादों से विद्यालय’ और ‘कुछ रिश्ते कभी पुराने नहीं होते’ जैसे संदेश पुरातन छात्रों को उनके छात्र जीवन की यादों से जोड़ते नजर आए।

शास्त्री जयंती पर होंगे विशेष कार्यक्रम

समागम के दूसरे दिन गांधी जयंती और विद्यालय के पुरातन छात्र रहे पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। विद्यालय परिसर में स्थापित शास्त्री जी की आदमकद प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि दी जाएगी। इसके बाद श्रद्धांजलि सभा और पुरातन विद्यार्थियों की ओर से भजन कार्यक्रम होगा।

समागम में एयर मार्शल गुरनाम सिंह, भारतीय रेलवे के बेंगलुरु से सेवानिवृत्त जीएम मानस पोद्दार, उत्तर रेलवे नई दिल्ली के प्रिंसिपल चीफ सेफ्टी ऑफिसर पंकज कुमार सिंह, पूर्व प्रधानाचार्य अमरेंद्र सिंह, अनिल कुमार सैनी, डॉ. मुकेश कुमार सिंह, बृजेश कुमार सैनी समेत सैकड़ों पुरातन छात्र-छात्राएं और पूर्व शिक्षक शामिल हुए।

और पढ़ें

[the_ad id="164"]