महराजगंज। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर बुधवार को पुलिस लाइन, महराजगंज में विशेष समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक महराजगंज शक्ति मोहन अवस्थी ने दोनों महान विभूतियों के चित्रों पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की।
इस दौरान पुलिस अधीक्षक ने उपस्थित पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को राष्ट्र की एकता और अखंडता की रक्षा करने तथा अपने कर्तव्यों का निष्ठापूर्वक पालन करने की शपथ दिलाई।

अपने संबोधन में पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी ने कहा कि महात्मा गांधी के सत्य, अहिंसा एवं स्वच्छता के आदर्श और लाल बहादुर शास्त्री की सादगी, निष्ठा एवं देशभक्ति आज भी सभी के लिए प्रेरणास्रोत हैं। उन्होंने कहा कि पुलिस विभाग का दायित्व है कि इन आदर्शों को आत्मसात करते हुए समाज में शांति, एकता एवं सद्भावना बनाए रखने के लिए पूरी निष्ठा से कार्य करे।
समारोह के दौरान उत्कृष्ट कार्य एवं कर्तव्यनिष्ठा के लिए पुलिसकर्मियों को सम्मानित किया गया। पुलिस अधीक्षक ने पुलिसकर्मियों से अपने दायित्वों का निर्वहन पूर्ण निष्ठा और समर्पण के साथ करने तथा स्वच्छता अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में पुलिस विभाग के अधिकारी, कर्मचारी एवं अन्य पुलिसकर्मी मौजूद रहे।









