फर्रुखाबाद में युवक की संदिग्ध मौत, पत्नी ने पड़ोसी पर हत्या का लगाया आरोप

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

फर्रुखाबाद के कोतवाली मोहम्मदाबाद क्षेत्र के करथिया गांव में एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। मृतक की पत्नी ने गांव के ही एक युवक पर गला दबाकर पति की हत्या करने का आरोप लगाया है। घटना के बाद से गांव में चर्चा का माहौल है।

महिला के मुताबिक, वह अपने पति के साथ घर के आंगन में चारपाई पर सो रही थी। आरोप है कि इसी दौरान गांव का युवक दीवार फांदकर घर में घुस आया। महिला ने आरोप लगाया कि युवक ने उसके साथ छेड़छाड़ और दुष्कर्म का प्रयास किया। महिला और उसके पति ने इसका विरोध किया, जिसके बाद आरोपी ने कथित तौर पर उसके पति का गला दबा दिया।

महिला का आरोप है कि घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। उसने मामले की जानकारी अपने ससुरालीजनों को दी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू की।

पुलिस ने मृतक के शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस के अनुसार पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट होगी। मामले में लगाए गए आरोपों की भी जांच की जा रही है।

और पढ़ें

[the_ad id="164"]