पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर (मुगलसराय)। शुक्रवार को गांधी जयंती और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर पंडित दीनदयाल उपाध्याय मंडल में स्वच्छता पखवाड़ा-2026 के तहत प्रभात फेरी निकाली गई। रेलवे कॉलोनी से निकली प्रभात फेरी में मंडल के अधिकारियों, कर्मचारियों और बच्चों ने हिस्सा लिया। इस दौरान लोगों को स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और कचरा निर्धारित स्थान पर डालने के प्रति जागरूक किया गया।
प्रभात फेरी का नेतृत्व मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) उदय सिंह मीना ने किया। उन्होंने रेलवे परिसर और आसपास के क्षेत्रों का भ्रमण कर स्वच्छता व्यवस्था का जायजा लिया। सफाई कर्मियों से बातचीत करते हुए उन्होंने कार्यस्थल और रेलवे परिसर को स्वच्छ बनाए रखने पर जोर दिया। उन्होंने लोगों से कूड़ा इधर-उधर न फेंकने और डस्टबिन का इस्तेमाल करने की अपील की।
इसके बाद डीआरएम ने ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत पौधरोपण किया। उन्होंने कहा कि स्वच्छ वातावरण के साथ हरित वातावरण भी जरूरी है। स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण में सभी की सहभागिता से ही स्वस्थ, समृद्ध और विकसित भारत की दिशा में आगे बढ़ा जा सकता है।
डीआरएम ने यात्रियों से भी ट्रेनों और स्टेशनों को स्वच्छ रखने में सहयोग करने की अपील की। उन्होंने कहा कि रेलवे की ओर से ट्रेनों और स्टेशनों पर स्वच्छता की सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। यात्री कचरा इधर-उधर न फैलाएं और डस्टबिन का ही प्रयोग करें।
कार्यक्रम में अपर मंडल रेल प्रबंधक कुलदीप, अपर मंडल रेल प्रबंधक-द्वितीय सूरज कुमार, वरीय मंडल अभियंता (समन्वय) उत्कर्ष कुमार, वरीय मंडल वाणिज्य प्रबंधक राजीव रंजन, वरीय मंडल परिचालन प्रबंधक केशव आनंद, वरीय मंडल कार्मिक अधिकारी नीरज कुमार सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
अशोक कुमार जायसवाल,









