गणेश चतुर्थी कार्यक्रम में अभद्रता का आरोप, मारपीट और झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी की शिकायत

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

मैनपुरी। कुरावली क्षेत्र निवासी सुमित श्रीवास्तव ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को शिकायती पत्र देकर गणेश चतुर्थी कार्यक्रम के दौरान अभद्रता, मारपीट और धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने का आरोप लगाया है। शिकायत में यश प्रताप समेत उसके साथियों को नामजद करते हुए कार्रवाई की मांग की गई है।

शिकायतकर्ता के अनुसार, वह समाज कल्याण संस्था से जुड़े हैं। संस्था की ओर से जरूरतमंदों को कंबल, हेलमेट और बच्चों को पढ़ाई के लिए कॉपी-किताबें वितरित की जाती हैं। आरोप है कि 14 सितंबर 2026 को कोसमा में आयोजित गणेश चतुर्थी कार्यक्रम के दौरान यश प्रताप और उसके साथी पहुंचे और नशे की हालत में कथित तौर पर गाली-गलौज व अभद्र भाषा का प्रयोग करने लगे। शिकायतकर्ता ने मूर्ति को नुकसान पहुंचाने के प्रयास का भी आरोप लगाया है।

सुमित के मुताबिक कार्यक्रम से लौटने के बाद भोगांव बस स्टैंड के पास आरोपियों ने उसे रोककर मारपीट की और मोबाइल फोन छीन लिया। आरोप है कि पुलिस में शिकायत करने पर उसकी पत्नी के नाम से झूठा छेड़छाड़ का मुकदमा दर्ज कराकर जेल भिजवाने की धमकी दी गई।

शिकायतकर्ता ने एसएसपी से सीसीटीवी फुटेज और गवाहों के आधार पर मामले की जांच कर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। पुलिस जांच के बाद ही लगाए गए आरोपों की वास्तविकता स्पष्ट होगी।

और पढ़ें

[the_ad id="164"]