गुडम्बा में बदहाल सड़क बनी मुसीबत, बारिश में जलभराव से बढ़ी परेशानी

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

लखनऊ। राजधानी के गुडम्बा क्षेत्र में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के सामने सड़क की बदहाल स्थिति स्थानीय लोगों और राहगीरों के लिए परेशानी का सबब बनी हुई है। सड़क कई स्थानों पर क्षतिग्रस्त होने के कारण लोगों को आवागमन में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।

बारिश के दौरान समस्या और गंभीर हो जाती है। सड़क के गड्ढों में पानी भर जाने से राहगीरों को उनकी गहराई का अंदाजा नहीं लग पाता, जिससे हादसे का खतरा बना रहता है। मरीजों, बुजुर्गों, महिलाओं और स्कूली बच्चों को सबसे अधिक परेशानी उठानी पड़ रही है।

स्थानीय लोगों के मुताबिक इसी मार्ग पर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र और सरकारी पशु चिकित्सालय जैसे महत्वपूर्ण संस्थान हैं। इसके बावजूद सड़क की स्थिति लंबे समय से खराब है। अस्पताल पहुंचने वाले मरीजों और उनके तीमारदारों को भी जलभराव व गड्ढों से होकर गुजरना पड़ता है।

स्थानीय लोगों ने संबंधित विभाग से सड़क की जल्द मरम्मत कराने और जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान कराने की मांग की है। लोगों का कहना है कि सड़क की स्थिति में सुधार होने से क्षेत्र के हजारों लोगों को राहत मिलेगी।

रिपोर्ट: दीपक सिंह गौर, लखनऊ

और पढ़ें

[the_ad id="164"]