पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर (मुगलसराय)। डीडीयू जंक्शन पर आरपीएफ और जीआरपी की संयुक्त टीम ने चेकिंग के दौरान सम्पूर्ण क्रांति एक्सप्रेस के जनरल कोच से एक युवक के बैग से 43 लाख रुपये नकद बरामद किए। रकम के संबंध में वैध दस्तावेज नहीं मिलने पर जीआरपी ने इनकम टैक्स विभाग को सूचना दी। मौके पर पहुंची टीम ने नकदी जब्त कर आगे की जांच शुरू कर दी है।
सीओ जीआरपी कुंवर प्रभात सिंह के अनुसार, सम्पूर्ण क्रांति एक्सप्रेस पटना से नई दिल्ली जा रही थी। रूटीन चेकिंग के दौरान जनरल कोच में एक युवक संदिग्ध नजर आया। तलाशी में उसके पिट्ठू बैग से 43 लाख रुपये बरामद हुए। युवक से रकम के संबंध में दस्तावेज मांगे गए, लेकिन वह कोई वैध कागजात प्रस्तुत नहीं कर सका।
पुलिस के मुताबिक युवक की पहचान आलोक शाह निवासी गायघाट, मुजफ्फरपुर (बिहार) के रूप में हुई है। पूछताछ में युवक ने कथित तौर पर रकम को पटना से दिल्ली ले जाने और हवाला से जुड़े होने की बात कही है। हालांकि रकम का वास्तविक स्रोत और इसे किसे सौंपा जाना था, इसकी जांच की जा रही है।
पूछताछ में करीब 10 लाख रुपये पहुंचाने पर 10 हजार रुपये कमीशन मिलने की बात भी सामने आई है। पुलिस अब युवक के मोबाइल फोन और संपर्कों की जांच कर रही है। साथ ही यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि रकम किसकी है और इसे दिल्ली में किसे पहुंचाया जाना था।
रिपोर्ट: अशोक कुमार जायसवाल









